CG News Times

कबीरधाम में 2 नवंबर को होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव, कलेक्टर ने तैयारियों की समीक्षा की

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 26 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में कबीरधाम जिले में 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह आयोजित किया जाएगा। कवर्धा के पीजी कॉलेज मैदान में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने को कहा। बैठक में 11 से 18 नवंबर तक आयोजित होने वाले जनजाति गौरव सप्ताह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही वर्ष 2027 के बजट प्रस्तावों को निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

ई-ऑफिस से काम करने पर जोर

कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को शासकीय कार्यों का संपादन ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने डिजिटल प्रणाली का प्रभावी उपयोग कर कार्यालयीन कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का होगा निराकरण

बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

वनांचल में दस्तावेज बनाने के लिए लगेंगे शिविर

दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के लोगों को जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज बनाने के शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर ने सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।

चक्रवाती तूफान को लेकर सतर्कता के निर्देश

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान अर्नब की आशंका को देखते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने और संभावित परिस्थितियों से निपटने की तैयारी रखने को कहा। उन्होंने मौसम की स्थिति पर निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, आरपी आचला, सागर सिंह राज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *