कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सोना-चांदी के व्यापारी के साथ लूट की वारदात सामने आई है। तरेगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम बाजार से घर लौट रहे व्यापारी को बाइक सवार 6 अज्ञात लोगों ने रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने डंडे से मारपीट कर उनके पास रखा सोना, चांदी और नकदी लूट ली। घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बाजार से लौटते समय रोका, फिर की मारपीट
जानकारी के मुताबिक, पांडातराई निवासी व्यापारी अलग-अलग गांवों के बाजारों में सोना-चांदी बेचने की दुकान लगाते हैं। मंगलवार को उन्होंने तरेगांव बाजार में दुकान लगाई थी। शाम को बाइक से घर लौटते समय करीब 6:30 बजे मछली रवार गांव के जंगल के पास बाइक सवार छह अज्ञात लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि लुटेरों ने व्यापारी पर डंडे से हमला किया और उनके पास मौजूद सामान व नकदी लेकर फरार हो गए। व्यापारी के पास करीब 15 ग्राम सोना, 30 किलो चांदी और 1 लाख 50 हजार रुपये नकद थे।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही तरेगांव थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। थाना प्रभारी संग्राम सिंह के मुताबिक, पुलिस जवानों को आरोपियों की पतासाजी के लिए लगाया गया है। व्यापारी शिकायत लेकर थाने पहुंच रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
