CG News Times

CG में ‘अर्नब’: ट्रेन से सफर करने से पहले पढ़ लें ये खबर, रेलवे ने जारी की एडवाइजरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी के पूर्वी मध्य और उससे सटे पश्चिमी मध्य क्षेत्र में बने चक्रवाती तूफान के असर से 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए 23 जिलों में यलो अलर्ट और 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

रेलवे प्रशासन यात्रियों को सावधानियों के प्रति जागरूक कर रहा है। इसके लिए स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली, सूचना एवं डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल स्क्रीन, आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य डिजिटल माध्यमों से जानकारी दी जा रही है।

रेल यात्रियों के लिए रेलवे की एडवाइजरी

  • ट्रेन की स्थिति की जानकारी लें: यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के संचालन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें।
  • समय से पहले स्टेशन पहुंचें: खराब मौसम और सड़क यातायात में संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचें।
  • रेलवे के निर्देशों का पालन करें: स्टेशन पर होने वाली उद्घोषणाओं और रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।
  • रेलवे ट्रैक से दूर रहें: ट्रैक पार करने से बचें और निर्धारित यात्री क्षेत्रों में ही रहें।
  • जरूरी सामान साथ रखें: मोबाइल फोन चार्ज रखें। आवश्यक दवाइयां, पीने का पानी और आपातकालीन संपर्क संबंधी जानकारी अपने पास रखें।
  • फिसलन वाले स्थानों पर सावधानी बरतें: बारिश के कारण प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और सीढ़ियों पर फिसलन हो सकती है। ऐसे स्थानों पर सतर्क रहें।
  • आधिकारिक माध्यमों से जानकारी लें: ट्रेनों के नियम, मार्ग परिवर्तन या रद्द होने से जुड़ी सही जानकारी के लिए रेलवे के आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें।
  • मौसम और जलस्तर पर नजर: बदलते मौसम और रेलवे के बुनियादी ढांचे पर संभावित खतरे को देखते हुए हवा की गति और जलस्तर की हर घंटे निगरानी की जा रही है।

रेलवे ने यात्रियों से की अपील

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि संभावित खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और रेलवे की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से संबंधित ताजा जानकारी लेते रहें और सुरक्षित सफर के लिए जरूरी सावधानियां बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *