कबीरधाम। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के साथ जुआ खेलने वालों के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने कार्रवाई की है। पांडातराई, सिटी कोतवाली कवर्धा और पंडरिया पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 8 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने इन कार्रवाइयों में 11.340 बल्क लीटर देशी प्लेन शराब, एक मोटरसाइकिल, नकदी और ताश की 52 पत्तियां जब्त की हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित कुमार पटेल एवं अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

पांडातराई में शराब परिवहन करते दो युवक गिरफ्तार
पांडातराई पुलिस ने 1 नवंबर को पांडातराई-सरईपतेरा रोड पर शनिदेव मंदिर के पास कार्रवाई करते हुए दो युवकों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान भावेश निषाद (19) और दिलीप निषाद (31), निवासी ग्राम कुसुमघटा के रूप में हुई है।
पुलिस ने उनके कब्जे से 5.220 बल्क लीटर देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत 2,320 रुपये है, और परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल (CG-09-D-0181) जब्त की। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 14,320 रुपये बताई गई है। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ढाबे के पास शराब बेचते युवक पकड़ा गया
एक अन्य कार्रवाई में पांडातराई पुलिस ने हिंदुस्तान ढाबा के पास अवैध शराब बेच रहे नरोत्तम साहू (35), निवासी ग्राम परसवारा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 3.600 बल्क लीटर देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत 1,600 रुपये है, और बिक्री के 200 रुपये नकद जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) के तहत कार्रवाई की गई।
कवर्धा में भी अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई
सिटी कोतवाली पुलिस ने ऊर्जा पार्क के पास वार्ड क्रमांक 9 में अवैध शराब बेच रहे नरेन्द्र सत्यवंशी (57) को पकड़ा। उसके पास से 2.520 बल्क लीटर देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत 1,120 रुपये है, और बिक्री के 200 रुपये नकद जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 510/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) में मामला दर्ज किया गया है।
तालाब के पास जुआ खेलते 4 आरोपी गिरफ्तार
वहीं, पंडरिया पुलिस ने ग्राम रमतला में तालाब के पास सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे चार लोगों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान पुनीराम साहू, आशीष साहू, परमेश्वर साहू और अनिल साहू के रूप में हुई है। सभी ग्राम रमतला के निवासी हैं।
पुलिस ने उनके कब्जे से 1,050 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, पांडातराई के दोनों मामलों में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
