CG News Times

Kabirdham Theft Case: बैगा परिवारों के सूने घर थे निशाने पर, मोटरसाइकिल से रेकी कर करता था चोरी

Kabirdham Theft Case

Kabirdham Theft Case: जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र में चोरी की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुदूर वनांचल क्षेत्रों में बैगा आदिवासी परिवारों के सूने घरों को निशाना बनाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले मोटरसाइकिल से इलाके की रेकी करता और जब परिवार खेती-किसानी के काम से घर से बाहर चला जाता, तब मौका देखकर घर में घुसकर चांदी के जेवरात चोरी कर लेता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल समेत करीब 2.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कुकदूर पुलिस लगातार अपराधियों की धरपकड़ और चोरी की घटनाओं की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को चोरी के दो मामलों में महत्वपूर्ण सुराग मिला। पुलिस टीम ने दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की।

दो अलग-अलग घरों से चोरी हुए थे चांदी के जेवर

पहली घटना ग्राम ढपरापानी की है। यहां समियाबाई बैगा के घर से 23 जुलाई से 28 जुलाई 2026 के बीच अज्ञात आरोपी ने घर में प्रवेश कर चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। शिकायत के आधार पर कुकदूर थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

वहीं दूसरी वारदात ग्राम छींदीडीह में सामने आई। यहां फूलेश्वरी बाई बैगा के घर से 20 अगस्त से 25 अगस्त के बीच आलमारी में रखे चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपी की तलाश तेज कर दी थी।

Kabirdham Theft Case

मोटरसाइकिल से करता था रेकी, फिर सूने घरों को बनाता था निशाना

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नेऊर निवासी देवेन्द्र उर्फ द्वारिका कृषे चोरी किए गए चांदी के जेवरात बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी से पहले अपनी होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG-09-JT-9476 से वनांचल क्षेत्र में घूमकर घरों की रेकी करता था। वह ऐसे घरों को चिन्हित करता था, जहां दिन के समय परिवार खेती-किसानी के काम से बाहर चला जाता था। घर सूना मिलने पर वह मौका देखकर अंदर घुसता और चांदी के जेवरात लेकर फरार हो जाता था।

 

2.50 लाख का चोरी का सामान बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए चांदी के लच्छा, सुतिया, ढार, चंद्रबली, चांदी का रुपया समेत अन्य जेवरात बरामद किए हैं। इसके साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई होंडा साइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

कुकदूर पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है। आरोपी देवेन्द्र उर्फ द्वारिका कृषे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने ग्रामीणों से की सतर्क रहने की अपील

कबीरधाम पुलिस ने वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से घर से बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि घर छोड़कर जाते समय दरवाजे पर मजबूत ताला लगाएं और कीमती सामान को सुरक्षित स्थान पर रखें। साथ ही आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुकदूर निरीक्षक संतोष मिश्रा, उप निरीक्षक गोविंद चंद्रवंशी सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *