CG News Times

Keshkal Murder Case: पहले पति की हत्या में 10 साल जेल, अब दूसरे पति की भी जान लेने का आरोप! पूर्व सरपंच हत्याकांड से सनसनी

Hatya

Keshkal Murder Case: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। केशकाल थाना क्षेत्र के ग्राम अरंडी में पूर्व सरपंच गोविंद नेताम की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी दूसरी पत्नी भगनी नेताम को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने घर में सो रहे 49 वर्षीय गोविंद नेताम पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी और वारदात के बाद फरार हो गई। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी महिला पहले भी अपने पति की हत्या के मामले में करीब 10 साल जेल में रह चुकी है।

घर में सो रहे पूर्व सरपंच की धारदार हथियार से हत्या

जानकारी के मुताबिक, घटना केशकाल थाना क्षेत्र के ग्राम अरंडी की है। पूर्व सरपंच गोविंद नेताम अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान उनकी धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात के समय घर में गोविंद नेताम और उनकी पत्नी भगनी नेताम मौजूद थे।

घटना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो मृतक की पत्नी घर से गायब मिली। इसके बाद पुलिस को उस पर संदेह हुआ और उसकी तलाश शुरू की गई। घटनास्थल पर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और जरूरी साक्ष्य जुटाए।

शराब के नशे में विवाद के बाद हत्या का आरोप

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और झगड़े होते थे। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में दोनों के बीच आए दिन कहासुनी होती थी।

पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी के बाद भगनी नेताम ने कथित तौर पर धारदार हथियार से गोविंद नेताम पर हमला कर दिया। हत्या के बाद वह घर से फरार हो गई।

ग्राम बेड़मा के पास से आरोपी पत्नी गिरफ्तार

हत्या की सूचना मिलते ही केशकाल एसडीओपी अरुण नेताम और थाना प्रभारी रितेश मिश्रा ने पुलिस टीम गठित कर आरोपी महिला की तलाश शुरू की। पुलिस ने आसपास के इलाकों में पतासाजी की और ग्राम बेड़मा के पास से भगनी नेताम को पकड़ लिया।

पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे की वजह सहित मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

पहले पति की हत्या के मामले में भी जा चुकी है जेल

इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू आरोपी महिला का पुराना आपराधिक मामला है। जानकारी के अनुसार, भगनी नेताम अपने पहले पति की हत्या के मामले में भी जेल जा चुकी है। बताया जा रहा है कि वह इस मामले में करीब 10 साल तक जेल में रही थी।

जेल से बाहर आने के बाद वर्ष 2023 से वह गोविंद नेताम के साथ रह रही थी। अब पूर्व सरपंच गोविंद नेताम की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।

पुलिस जुटा रही साक्ष्य, जांच जारी

केशकाल एसडीओपी अरुण नेताम के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई थी। ग्राम बेड़मा के पास से महिला को गिरफ्तार किया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। शुरुआती जांच में धारदार हथियार से हत्या किए जाने की बात सामने आई है।

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *