छत्तीसगढ़ में Ayushman Yojana के तहत इलाज कराने वाले मरीजों से जुड़ी शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने प्रदेश के 16 अस्पतालों को Ayushman Yojana से बाहर कर दिया है। इनमें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, कोंडागांव और कबीरधाम समेत कई जिलों के अस्पताल शामिल हैं। कुछ अस्पतालों को एक साल के लिए, जबकि कई बड़े अस्पतालों को तीन साल तक योजना से बाहर रखने की कार्रवाई की गई है।
19 अस्पतालों की हुई थी जांच, 16 पर कार्रवाई
मिली जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हाल ही में प्रदेश के 19 अस्पतालों की जांच की थी। जांच में तीन अस्पतालों को छोड़कर बाकी 16 अस्पतालों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद विभाग ने इन अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें Ayushman Yojana से बाहर कर दिया।
जांच के दायरे में आए तीन अस्पतालों में बिलासपुर का मेहता चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, रायपुर का विजन सेंटर आई हॉस्पिटल और सरगुजा का डीएचटी हॉस्पिटल शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन तीनों को इस कार्रवाई से अलग रखा गया है।
इन बड़े अस्पतालों को तीन साल के लिए किया गया बाहर
तीन साल के लिए Ayushman Yojana से बाहर किए जाने वाले अस्पतालों में भिलाई का श्री शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, रायपुर का रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज अस्पताल, वरदान हॉस्पिटल, श्री अनंत साई अस्पताल और श्रीनिवास हॉस्पिटल शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, इन अस्पतालों के खिलाफ गंभीर शिकायतों के आधार पर तीन साल तक योजना से बाहर रखने की अनुशंसा की गई है। हालांकि, आयुष्मान योजना के नियमों में अधिकतम एक साल तक ब्लैकलिस्ट किए जाने का प्रावधान बताया गया है। ऐसे में इन अस्पतालों के लिए हर साल अलग आदेश जारी किए जाने की बात सामने आई है।
Ayushman Yojana से बाहर किए गए 16 अस्पतालों की पूरी लिस्ट
- श्री अनंत साई अस्पताल, रायपुर
- पल्स हॉस्पिटल, दुर्ग
- नेताम हॉस्पिटल, कोंडागांव
- हरिकृष्णा केयर हॉस्पिटल, कोरबा
- स्वामी चंद्रशेखरानंद हॉस्पिटल, बस्तर
- एसके केयर हॉस्पिटल, रायपुर
- जय जगन्नाथ हेल्थ केयर, कबीरधाम
- अशोक प्रसूति मंदिर, बिलासपुर
- केयर एंड केयर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बिलासपुर
- श्री शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस, दुर्ग
- महावीर हॉस्पिटल, रायपुर
- श्रीनिवास हॉस्पिटल, रायपुर
- वरदान हॉस्पिटल, रायपुर
- सुयश इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, रायपुर
- हेरिटेज हॉस्पिटल, रायपुर
- रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज अस्पताल, रायपुर
मेडिलाइफ और लोटस अस्पताल पर भी हुई कार्रवाई
इन 16 अस्पतालों के अलावा, दो दिन पहल रायपुर के मेडिलाइफ और लोटस अस्पताल को भी Ayushman Yojana से बाहर किए जाने की जानकारी सामने आई है। यानी प्रदेश में योजना के तहत अस्पतालों की जांच और कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य Ayushman Yojana के तहत मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और अनियमितताओं पर रोक लगाना बताया जा रहा है। अब देखना होगा कि विभाग आगे किन अस्पतालों की जांच करता है और मरीजों को इलाज के लिए क्या विकल्प उपलब्ध कराए जाते हैं।
