कवर्धा: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और 5 सितंबर को होने वाले दही लूट (गोविंदा उत्सव) को लेकर कबीरधाम पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में सुरक्षा और यातायात का विशेष प्लान तैयार किया गया है।
राधाकृष्ण मंदिर और मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मंदिर तालाब में किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए नगर सेना के प्रशिक्षित तैराक दल को आवश्यक उपकरणों के साथ तैनात किया गया है।
शोभायात्रा में अलग-अलग टीमों के साथ पुलिस की तैनाती
5 सितंबर को निकलने वाली शोभायात्रा में गोपियों की टोली, कलश यात्रा, डीजे पार्टी, डंडा नाच, बाँसगीत, कृष्ण झांकी और हांडी फोड़ टोली के साथ अलग-अलग पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस बल शोभायात्रा के साथ मौजूद रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखेगा।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। वहीं साइबर थाना की टीम भी सक्रिय रहकर असामाजिक तत्वों पर नजर रखेगी। चोरी, उठाईगिरी, छेड़छाड़ और लड़ाई-झगड़े जैसी घटनाओं को रोकने के लिए विशेष निगरानी की जाएगी।
प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस की तैनाती
राजमहल चौक, करपात्री चौक, शीतला चौक, ऋषभदेव चौक, महावीर चौक, गांधी चौक, वीर स्तंभ चौक, शिवाजी चौक, एकता चौक, अंबेडकर चौक, लोहारा नाका और ठाकुरपार चौक सहित प्रमुख स्थानों पर फिक्स प्वाइंट ड्यूटी लगाई गई है।
यातायात के लिए डायवर्सन और पार्किंग व्यवस्था
शोभायात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। जरूरत के अनुसार स्टॉपर, पार्किंग व्यवस्था और यातायात डायवर्सन लागू किया जाएगा। पुलिसकर्मियों को वायरलेस सेट, रेनकोट, रिफ्लेक्टर जैकेट और फ्लोरोसेंट रॉड सहित आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
4 सितंबर को बाइक रैली के दौरान भी रहेगी विशेष सुरक्षा
जन्माष्टमी के दिन 4 सितंबर को राधाकृष्ण मंदिर एवं मंदिर परिसर में दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक पुलिस बल तैनात रहेगा। शाम 4 बजे बड़े मंदिर से निकलने वाली बाइक रैली के दौरान थाना पेट्रोलिंग और यातायात पुलिस मार्ग, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था संभालेगी।
किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एडी पार्टी और रिजर्व पुलिस बल को तैयार रखा गया है। पुलिस नियंत्रण कक्ष और वायरलेस सिस्टम भी सक्रिय रहेगा।
कबीरधाम पुलिस ने जिलेवासियों और श्रद्धालुओं से जन्माष्टमी एवं गोविंदा उत्सव को आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाने तथा पुलिस की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस की अपील: “पर्व मनाएं उत्साह से, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा का रखें ध्यान—शांतिपूर्ण उत्सव में दें पुलिस का साथ।”
