CG News Times

कवर्धा में 8 नवंबर को पहुंचेगे Shankaracharya Avimukteshwaranand, भव्य बाइक रैली से होगा स्वागत; जानें पूरा कार्यक्रम

छत्तीसगढ़ में दीपावली महोत्सव को लेकर धार्मिक उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में जगद्गुरु Shankaracharya Avimukteshwaranand का छह दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास जारी है। इसी दौरान 8 नवंबर को उनका कवर्धा आगमन होगा। उनके स्वागत के लिए श्रद्धालुओं की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही हैं। रणवीरपुर से कवर्धा तक भव्य बाइक रैली निकालकर उनका आत्मीय स्वागत किया जाएगा।

शंकराचार्य जी महाराज अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान रायपुर, बिलासपुर, सिमगा, बेमेतरा और कबीरधाम सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं को दर्शन एवं आशीर्वाद देंगे। उनके आगमन को लेकर धर्मप्रेमियों और भक्तों में खासा उत्साह है।

7 नवंबर को सपाद लक्षेश्वर धाम में होंगे दर्शन

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 5 नवंबर को रायपुर पहुंचने के बाद शंकराचार्य जी महाराज बिलासपुर के लिए रवाना हुए। यहां चिचिरदा स्थित ब्रह्मलीन द्विपीठाधीश्वर शंकराचार्य जी के कृपापात्र शिष्य हरीश शाह के फार्म हाउस ‘कुंज कुटीर’ में उनका प्रवास निर्धारित है। यहां धनतेरस पूजन का कार्यक्रम भी होगा।

इसके बाद 7 नवंबर को सुबह 9 बजे वे बिलासपुर के चिचिरदा से सिमगा स्थित ‘सपाद लक्षेश्वर धाम’, शंकराचार्य आश्रम ग्राम सलधा के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां दंडी स्वामी श्रीमद् ज्योतिर्मयानंद जी द्वारा पादुका पूजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु शंकराचार्य जी महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे।

8 नवंबर को बाइक रैली के साथ होगा भव्य स्वागत

शंकराचार्य जी महाराज का 8 नवंबर को सुबह 9 बजे सपाद लक्षेश्वर धाम से कवर्धा के लिए प्रस्थान होगा। इस दौरान उनका मार्ग देवरबीजा, थान खम्हरिया और रणवीरपुर से होकर गुजरेगा। रणवीरपुर में भक्तों द्वारा भव्य बाइक रैली निकालकर उनका स्वागत किया जाएगा।

इसके बाद वे सिल्हाटी, सहसपुर लोहारा और ओड़िया होते हुए कवर्धा पहुंचेंगे। यहां कई धार्मिक और स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

– पादुका पूजन: कवर्धा पहुंचने पर मीडिया प्रभारी अशोक साहू के निज निवास पर पादुका पूजन होगा।

– धर्म ध्वज स्थापना: इसके बाद विशाला धर्म ध्वज चौक में नवीन धर्म ध्वज स्थापित किया जाएगा।

– आत्मीय स्वागत: इसके पश्चात वे ज्योतिर्मठ के सीईओ चंद्रप्रकाश उपाध्याय के निवास पहुंचेंगे, जहां उपाध्याय परिवार की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा।

रात 11:45 बजे महाकाली मंदिर पहुंचेंगे शंकराचार्य

8 नवंबर को कवर्धा में दीपावली के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। शाम 6 बजे से लक्ष्मी पूजन प्रारंभ होगा। इसके बाद रात्रि 11:45 बजे शंकराचार्य जी महाराज काली मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां महाकाली जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष पूजन-अर्चन किया जाएगा।

रात्रि 12:15 बजे वे वापस शंकरा भवन, शांतिदीप कॉलोनी पहुंचेंगे। यहां पूरी रात भव्य महालक्ष्मी पूजन और अभिषेक का कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को पूजन और अभिषेक के दर्शन करने का अवसर मिलेगा।

9 नवंबर को टाटीकसा में गोवर्धन पूजा में होंगे शामिल

दीपावली महोत्सव के अगले दिन यानी 9 नवंबर को भी शंकराचार्य जी महाराज का धार्मिक कार्यक्रम निर्धारित है।

– सुबह 9 बजे चरडोंगरी स्थित यदुनाथ गौशाला पहुंचकर गौपूजन करेंगे।

– इसके बाद ग्राम टाटीकसा में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में शामिल होंगे।

– कार्यक्रम के बाद पुनः कवर्धा पहुंचकर शंकरा भवनम्, शांतिदीप कॉलोनी में प्रवास करेंगे।

श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह, दर्शन के लिए किया गया आमंत्रित

शंकराचार्य जी महाराज के मीडिया प्रभारी अशोक साहू ने बताया कि पूज्यपाद जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामीश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी दीपावली महोत्सव मनाने छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। उनके आगमन से क्षेत्र के श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों में हर्ष का माहौल है।

उन्होंने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शंकराचार्य जी महाराज के दर्शन, पूजन और आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *