CG News Times

krishna janmashtami special 2026:जन्माष्टमी महोत्सव में प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने पहुंचीं विधायक भावना बोहरा, दही हांडी विजेताओं को बांटे पुरस्कार

कुंडा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पंडरिया विधानसभा के कुंडा में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता में विधायक भावना बोहरा प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने पहुंचीं। भारतीय जनता युवा मोर्चा, पंडरिया विधानसभा की ओर से 3 सितंबर को बस स्टैंड के पास आयोजित कार्यक्रम में धर्म, संस्कृति और उत्सव का रंग देखने को मिला।

दही हांडी प्रतियोगिता में कुंडा और पांडातराई मंडल की 10 टोलियों ने हिस्सा लिया। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में ग्राम पेंड्रीकला की टोली ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि कुंडा की दो टोलियां दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।

भावना बोहरा ने बढ़ाया युवाओं का हौसला

विधायक भावना बोहरा ने प्रतियोगिता में शामिल युवाओं के साहस, टीम भावना और सामूहिक प्रयास की सराहना की। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए विजेता टीमों को पुरस्कार देकर बधाई दी।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टोली को 25 हजार रुपए और ट्रॉफी, द्वितीय स्थान पर रही टीम को 15 हजार रुपए और ट्रॉफी तथा तृतीय स्थान प्राप्त टीम को 11 हजार रुपए और ट्रॉफी प्रदान की गई।

संस्कृति से जोड़ने का प्रयास

भावना बोहरा ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही ऐसे आयोजनों के जरिए युवाओं को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दही हांडी जैसे आयोजन युवाओं में सामूहिकता, अनुशासन और नेतृत्व की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे कार्यक्रम समाज में भाईचारे और सामाजिक एकता को भी बढ़ावा देते हैं।

तीन स्थानों पर होंगे आयोजन

पंडरिया विधानसभा में इस वर्ष तीन स्थानों पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव और दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। 3 सितंबर को कुंडा और पांडातराई मंडल में कार्यक्रम हुआ। 5 सितंबर को बजरंग चौक, दशरंगपुर में इंदौरी और रणवीरपुर मंडल के लिए आयोजन होगा। इसके अलावा पंडरिया, दुल्लापुर और कुई-कुकदुर मंडल में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी-कार्यकर्ता, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *