CG News Times

Balodabazar Road Accident: रायपुर जा रही बस का भीषण एक्सीडेंट, 3 की मौत से मचा हड़कंप

Balodabazar Road Accident: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दिल दहला देने वाली सड़क हादसे की खबर सामने आई है। तेज रफ्तार यात्री बस रोड किनारे खड़े ट्रक से सीधे जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सिमगा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

अंबिकापुर से रायपुर जा रही थी बस

मिली जानकारी के अनुसार, यह भीषण सड़क हादसा बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर आज तड़के सुबह हुआ। बलौदाबाजार के सिमगा थाने के दरचुरा गांव के पास स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के नजदीक सुबह करीब 5:30 बजे, अंबिकापुर से रायपुर जा रही ‘रॉयल कंपनी’ की यात्री बस सड़क पर खड़े ट्रक से जा भिड़ी।

22 यात्री थे सवार, मची चीख-पुकार

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस यात्री बस में कुल 22 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पूरा इलाका तेज आवाज से गूंज उठा। हादसे के तुरंत बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

मृतकों की शिनाख्त अभी बाकी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। बस में फंसे घायलों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सभी घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल सिमगा पहुंचाया गया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *