CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10.8 लीटर शराब जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। कबीरधाम जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत कवर्धा और लोहारा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 10.8 लीटर अवैध शराब जब्त की है। दोनों मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के दिशा-निर्देश में की गई।

घोठिया में 5.04 लीटर शराब के साथ आरोपी पकड़ा गया

थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम घोठिया में कार्रवाई की। यहां पुलिस ने सुखचैन पिता नैनदास चंदेल (65 वर्ष) को अवैध शराब के परिवहन के आरोप में पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 5,040 मिलीलीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 3,300 रुपये बताई गई है। शराब को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया।

मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 341/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक क्रमांक 282 बलेश धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ईरिमकसा तिराहे पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा

दूसरी कार्रवाई थाना लोहारा पुलिस ने की। थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ईरिमकसा तिराहा के पास घेराबंदी की। इस दौरान मुकेश पिता अरूण लहरे (36 वर्ष), निवासी सिल्हाटी को अवैध शराब के साथ पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5,760 मिलीलीटर शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब 2,560 रुपये बताई गई है। शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना लोहारा में अपराध क्रमांक 119/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक बलदाऊ भट्ट, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अभिमन्यु साहू, प्रधान आरक्षक समसेर अली तथा आरक्षक बलराम जायसवाल, राजू सोनवानी और शैलेन्द्र राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी

कबीरधाम पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को चेतावनी दी है कि उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *