कबीरधाम। आदिवासी बाहुल्य बोड़ला विकासखंड के प्रवास के दौरान कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने ग्राम भोदा में शासकीय उचित मूल्य दुकान और अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों और हितग्राहियों से बातचीत कर राशन वितरण, ऑनलाइन सेवाओं और शासकीय योजनाओं से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान में उपलब्ध राशन और खाद्यान्न सामग्री का जायजा लिया। उन्होंने राशन की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था के बारे में जानकारी लेते हुए कर्मचारियों को निर्देश दिए कि हितग्राहियों को शासन द्वारा निर्धारित मात्रा और गुणवत्ता के अनुसार समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने राशन वितरण में पारदर्शिता और हितग्राहियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
अटल डिजिटल सुविधा केंद्र में ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी
कलेक्टर ने अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र संचालक से ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया।
केंद्र पर शासकीय सेवाओं का लाभ लेने पहुंचे ग्रामीणों से कलेक्टर ने बातचीत की और डिजिटल माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
किसानों को एग्रीस्टैक में पंजीयन के लिए किया प्रेरित
निरीक्षण के दौरान एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन कराने पहुंचे किसानों से भी कलेक्टर ने चर्चा की। उन्होंने किसानों से उनकी कृषि संबंधी जानकारी ली और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक पोर्टल पर आवश्यक पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने कहा कि पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके, इसके लिए जरूरी पंजीयन और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी रखना आवश्यक है।
इस दौरान एसडीएम श्री आशुतोष शर्मा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
