कबीरधाम। रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कबीरधाम पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी की जा रही है।
रक्षाबंधन के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और लोग परिवार के साथ सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें, इसे लेकर पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की गई हैं।
बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की नजर

त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग और मोबाइल पेट्रोलिंग की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती कर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि रक्षाबंधन पर खरीदारी और आवागमन के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी विशेष नजर

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने तथा जरूरत पड़ने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने लोगों से की सहयोग की अपील

कबीरधाम पुलिस ने जिलेवासियों से रक्षाबंधन का पर्व प्रेम, भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से पुलिस एवं यातायात पुलिस टीम का सहयोग करने और किसी भी तरह की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने कहा है, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
