CG Weather Update: बंगाल की खाड़ी के लो प्रेशर एरिया का असर बरकरार, उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी; गरज-चमक और आकाशीय बिजली का भी खतरा
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर प्रदेश में बुधवार को भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
मौसम प्रणाली के अगले 48 घंटे में उत्तरी ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में बुधवार, 2 सितंबर को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। शहर के कुछ इलाकों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार सुबह छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में भारी बारिश के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लोगों को मौसम बिगड़ने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
कई जिलों में यलो अलर्ट
इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा समेत कई जिले शामिल हैं।
इन क्षेत्रों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।
मंगलवार को कैसा रहा मौसम?
मंगलवार को छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं बलरामपुर जिले के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई।
प्रदेश में मंगलवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
चांदो में सबसे ज्यादा 15 सेमी बारिश
मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक बारिश चांदो में 15 सेंटीमीटर दर्ज की गई। इसके बाद रामचंद्रपुर में 12 सेंटीमीटर, रामानुजगंज और वाड्रफनगर में 8-8 सेंटीमीटर बारिश हुई।
बलरामपुर, कुसमी, सामरी, रघुनाथनगर और राजपुर में 7-7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। चलगली और शंकरगढ़ में 6-6 सेंटीमीटर, जबकि बलौदा बाजार, सोनाखान और जनकपुर-भरतपुर में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई।
दौरा कोचली, भाटापारा और भटगांव में 4-4 सेंटीमीटर तथा मुकडेगा, बसना, कसडोल, लटोरी, पिथौरा और पलारी में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य स्थानों पर भी हल्की बारिश दर्ज की गई।
