CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो चुका है और बारिश थमते ही दिन में तेज धूप ने गर्मी का एहसास बढ़ा दिया है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा और किसी भी स्थान पर उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई। इस बीच तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है।
प्रदेश में सबसे अधिक 35 डिग्री सेल्सियस तापमान राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि राजधानी रायपुर में पारा 34.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।
अगले दो दिन बाद फिर बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़, विदर्भ और मराठवाड़ा होते हुए एक द्रोणिका बनी हुई है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि मानसून की वापसी के लिए अगले दो से तीन दिनों में परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने दो दिन बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी जताई है। ऐसे में फिलहाल गर्मी से परेशान लोगों को कुछ जगहों पर मौसम बदलने से राहत मिल सकती है।
इन शहरों में इतना रहा तापमान
प्रदेश में पेंड्रारोड में 33.8°C, बिलासपुर में 33.6°C, माना एयरपोर्ट में 33.6°C, दुर्ग में 33.5°C, जगदलपुर में 33.3°C और अंबिकापुर में 32°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
रायपुर में गर्मी से परेशान लोग
राजधानी रायपुर में बारिश थमने के बाद तापमान लगातार बढ़ रहा है। दिन के साथ रात में भी लोगों को गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिल रही है। मंगलवार को मौसम विभाग ने आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रहने की संभावना है।
मानसून की वापसी की रेखा रायपुर से गुजर रही
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर गुजर रही है। पश्चिम बंगाल से मध्य महाराष्ट्र तक झारखंड, ओडिशा के अंदरूनी हिस्सों, छत्तीसगढ़, विदर्भ और मराठवाड़ा से होते हुए एक द्रोणिका बनी हुई है।
इसके अलावा उत्तर-मध्य बिहार से उत्तरी ओडिशा तक झारखंड और गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल से होकर भी एक द्रोणिका बनी हुई है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
