रायपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में उल्लास और आत्मीयता का माहौल रहा। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं माताओं-बहनों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें स्नेह और आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने सभी बहनों का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि उनका स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए अनमोल है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट स्नेह, विश्वास और आत्मीयता का पर्व है। उन्होंने कहा कि बहनों का आशीर्वाद प्रदेश की सेवा के संकल्प को और मजबूत करता है। उन्होंने माताओं-बहनों के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताया।
कार्यक्रम में स्वर्गीय कर्नल अशोक कुमार दुबे की धर्मपत्नी सरला दुबे ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। इसके बाद प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की सविता दीदी एवं स्मृति दीदी, सावित्री जायसवाल, पद्मश्री डॉ. उषा बारले, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित महिला पत्रकारों, स्व-सहायता समूहों की दीदियों, लखपति दीदियों, ड्रोन दीदियों, ई-रिक्शा दीदियों, टीम प्रहरी, विभिन्न समाजों की महिलाओं और दिव्यांग बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी।
जवानों के प्रति सम्मान का संदेश
मुख्यमंत्री साय ने राजधानी रायपुर में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन को देश और प्रदेश की सुरक्षा में समर्पित जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता से जोड़ना सुखद अनुभव रहा। जवानों की कलाई पर सजी राखी राष्ट्र के प्रति सम्मान और उनके त्याग के प्रति आभार का प्रतीक है।
महिला पत्रकारों की सराहना
कार्यक्रम में मौजूद महिला पत्रकारों का मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता साहस, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का कार्य है। महिला पत्रकार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज को देश-दुनिया के घटनाक्रम से अवगत करा रही हैं।
महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना से महिलाओं के आत्मविश्वास और आर्थिक स्वावलंबन को मजबूती मिली है।
13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘लखपति दीदी’ अभियान चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में लक्ष्य से आगे बढ़ते हुए 13.85 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
