Dhamtari Crime News: धमतरी के सुपैला गांव से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है। पति ने अपनी ही पत्नी को मौत के घाट उतार दिया और मामले को छुपाने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया। कातिल पति अपनी इस शातिर साजिश में कामयाब भी हो जाता, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट की एक छोटी सी जांच ने उसकी पोल खोल दी। आखिर कैसे बेनकाब हुआ यह शातिर हत्यारा? पूरी दिल दहला देने वाली घटना अंदर पढ़ें…
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र के सुपैला गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला की मौत को पहले दूसरा रूप दिया जा रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस पूरे मामले की परतें उधेड़ कर रख दीं। जांच में खुलासा हुआ कि जिसे सामान्य घटना समझा जा रहा था, दरअसल वह एक सोची-समझकर की गई हत्या थी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
क्या था पूरा मामला?
भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम सुपैला में वीणा ध्रुव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआत में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं थीं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की, जिसके तहत परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई, तो उसने पूरे मामले की तस्वीर ही बदल दी। रिपोर्ट में साफ हुआ कि महिला की मौत सामान्य वजहों से या फंदे पर लटकने से नहीं, बल्कि गला घोंटे जाने की वजह से हुई थी। रिपोर्ट मिलते ही पुलिस का शक मृतका के पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू पर गहरा गया।
पूछताछ में खुला हत्या का राज
सख्त पुलिसिया पूछताछ के दौरान आरोपी पति विवेक ध्रुव टूट गया और उसने सारा सच उगल दिया। आरोपी ने कबूल किया कि उसकी पत्नी का मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करना उसे नागवार गुजरता था, इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
घटना वाले दिन यानी 4 सितंबर की शाम करीब 5 बजे इसी बात को लेकर एक बार फिर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर आरोपी पति ने कमरे में कपड़े सुखाने के काम आने वाली नायलॉन की रस्सी से अपनी पत्नी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात छुपाने की रची थी साजिश
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपनी करतूत छुपाने और पुलिस को चकमा देने के लिए एक शातिर साजिश रची। उसने मृत पत्नी के शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया, ताकि सबको यह लगे कि उसने जीवन लीला समाप्त कर ली है। हालांकि, पुलिस की पैनी नजर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की सच्चाई ने उसकी इस चालाकी को नाकाम कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
