नवा रायपुर को गोल्फ और खेल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत आज से होने जा रही है। ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का शुभारंभ 15 सितंबर को फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट, नवा रायपुर में होगा। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस आयोजन में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमनदीप जौहल की भी विशिष्ट उपस्थिति रहेगी। राष्ट्रीय स्तर के खेल दिग्गजों की मौजूदगी से इस प्रतियोगिता को खास पहचान मिलने की उम्मीद है।
सेरेमोनियल टी-ऑफ से होगा आगाज
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 3:05 बजे सेरेमोनियल टी-ऑफ के जरिए ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री और विशिष्ट अतिथि गोल्फ खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण भी किया जाएगा। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी, जिसमें मुख्यमंत्री समेत आयोजन से जुड़े अतिथि मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे और प्रतियोगिता के उद्देश्य तथा इससे जुड़ी संभावनाओं की जानकारी साझा करेंगे।
नवा रायपुर को गोल्फ हब बनाने की तैयारी
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का उद्देश्य प्रदेश में गोल्फ के प्रति रुचि को बढ़ावा देना और उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही नवा रायपुर की आधुनिक अधोसंरचना और खेल सुविधाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की कोशिश भी इस आयोजन के जरिए की जा रही है।
गोल्फ के बड़े आयोजन से नवा रायपुर को आधुनिक खेल और खेल पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करने की संभावनाओं को बल मिलने की उम्मीद है। इससे देशभर के खिलाड़ी, खेल प्रेमी और पर्यटक नवा रायपुर की ओर आकर्षित हो सकते हैं।
खेल पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ को सिर्फ एक गोल्फ प्रतियोगिता के तौर पर नहीं देखा जा रहा, बल्कि इसे छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति और खेल पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भी अहम कदम माना जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और खेल जगत से जुड़े दिग्गजों की मौजूदगी नवा रायपुर को एक नए खेल गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करने का अवसर देगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस नवा रायपुर में इस तरह के बड़े खेल आयोजनों से शहर की खेल क्षमता और अधोसंरचना को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलने की उम्मीद है। ऐसे में आज से शुरू होने वाला Nava Raipur Open 2026 प्रदेश के गोल्फ प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहने वाला है।
