Gariaband Crime News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के शोभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जारहीडीही में चरित्र शंका के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, जारहीडीही गांव निवासी राम कुमार नेताम को अपनी पत्नी मलीका नेताम के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते आए दिन उनके बीच घरेलू कलह और विवाद होता रहता था। आरोप है कि इसी बात को लेकर गुस्साए पति ने अपनी पत्नी को बेल्ट से लगातार कई घंटों तक पीटा। हमले के दौरान बेल्ट के बक्कल से महिला के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
खुद पड़ोसियों को सुनाई आपबीती
वारतात को अंजाम देने के बाद आरोपी राम कुमार नेताम ने खुद बाहर आकर पड़ोसियों को अपनी इस करतूत की जानकारी दी। इसके बाद पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
पुलिस हिरासत में आरोपी
सूचना मिलते ही शोभा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
