Kabirdham News: सोशल मीडिया पर अश्लील एवं अभद्र टिप्पणी करने और शिकायतकर्ता को धमकी देने के मामले में कबीरधाम जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
फेसबुक पर नेताओं की तस्वीरों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने की शिकायत
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ठाकुरपारा, कवर्धा निवासी अजय सिंह ठाकुर (33 वर्ष) ने 10 अक्टूबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक फेसबुक आईडी के माध्यम से उप मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरों पर अश्लील एवं अभद्र गाली-गलौज वाली टिप्पणियां प्रसारित की जा रही थीं।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल संबंधित व्यक्ति की पहचान कर उससे पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सलमान अली खान (23 वर्ष), निवासी लोहारा नाका, झंडा चौक, कवर्धा बताया।
पुलिस के सामने ही शिकायतकर्ता को धमकाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, शिकायत के संबंध में पूछताछ के दौरान आरोपी को समझाइश दी जा रही थी। इसी दौरान वह कथित तौर पर आक्रोशित हो गया और शिकायतकर्ता को देख लेने की धमकी देने लगा। इसके साथ ही वह जोर-जोर से चिल्लाकर हंगामा करने लगा, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित होने लगी।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और संभावित संज्ञेय अपराध की रोकथाम के लिए कार्रवाई की।
इन धाराओं के तहत की गई कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत कार्रवाई की। वहीं, शांति बनाए रखने और आरोपी को पाबंद करने की प्रक्रिया के तहत धारा 126 एवं धारा 135(3) BNSS के अंतर्गत इस्तगाशा तैयार किया गया।
इसके अतिरिक्त, सोशल मीडिया पर कथित अश्लील एवं अभद्र टिप्पणियां प्रसारित करने के मामले में धारा 296 भारतीय न्याय संहिता (BNS) और धारा 67 सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत भी वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्री लालजी सिन्हा एवं पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस की सोशल मीडिया यूजर्स से अपील
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति अथवा सार्वजनिक पद पर आसीन व्यक्ति के संबंध में अश्लील, अभद्र या आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने से बचना चाहिए।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध शिकायत मिलने पर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
