CG News Times

Korba Live In Partner Murder Case: एक महीने तक छुपी रही हत्या की कहानी… सेप्टिक टैंक ने खोला पूरा राज

Korba Live In Partner Murder Case: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरपाली में एक महिला की निर्मम हत्या का ऐसा खौफनाक सच सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। लिव-इन में रहने वाली 33 वर्षीय संतोषी की हत्या कर उसके प्रेमी ने शव को घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया था, जिसका खुलासा करीब एक महीने बाद हुआ।

विवाद के बाद हुई थी हत्या

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, संतोषी पिछले करीब दो साल से मनोज उरांव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि 27 अगस्त को मनोज नशे की हालत में घर पहुँचा था, जिसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ। आरोप है कि मारपीट के दौरान संतोषी की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मनोज ने शव को ठिकाने लगाने के लिए घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डाल दिया और ऊपर से ढक्कन बंद कर फरार हो गया।

ऐसे खुला राज और सेप्टिक टैंक से मिली लाश

अगले दिन रक्षाबंधन का त्योहार था। जब संतोषी अपने भाइयों के घर नहीं पहुँची, तो परिजनों ने मनोज से संपर्क किया। मनोज ने झूठ बोल दिया कि संतोषी एक दिन पहले ही कहीं चली गई है।

संदेह और बदबू: कई दिन बीत जाने के बाद जब संतोषी का कोई सुराग नहीं लगा, तो शनिवार को उसके भाई रामभरोस और अन्य परिजन मनोज के घर पहुँचे और आसपास तलाश की। इसी दौरान उनकी नजर बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक पर पड़ी, जिसका ढक्कन अधखुला था और अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी।

पुलिस की कार्रवाई: सूचना मिलने पर श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में रविवार को सेप्टिक टैंक खुलवाया गया, जहाँ से संतोषी की सड़ी-गली लाश बरामद हुई। मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और मेडिकल टीम ने साक्ष्य जुटाए।

तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के पहुँचने से पहले ही आरोपी मनोज घर में ताला लगाकर फरार हो चुका है। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। शुरुआती जाँच में पता चला है कि संतोषी के पति की करीब 15 साल पहले मौत हो गई थी, जिसके बाद लगभग तीन साल पहले उसकी मुलाकात मनोज से हुई थी और वह उसके साथ रहने लगी थी। फिलहाल पुलिस हत्या की असल वजह का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *