जांजगीर-चांपा। जिले के पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने छह पुलिस अधिकारियों की अस्थायी पदस्थापना में बदलाव करते हुए आदेश जारी किया है। सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक और उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में कई थाना प्रभारियों को दूसरे थानों की कमान सौंपी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।
शिवानंद सिंह को मुलमुला थाना की कमान
आदेश के मुताबिक एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स जांजगीर में पदस्थ निरीक्षक शिवानंद सिंह को थाना प्रभारी मुलमुला की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मुलमुला थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल को थाना प्रभारी बम्हनीडीह बनाया गया है।
पारस पटेल को बम्हनीडीह थाना प्रभारी की जिम्मेदारी के साथ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं बालक विरुद्ध अपराध अनुसंधान शाखा जांजगीर के प्रभारी का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
कमलेश शेण्डे को सारागांव की जिम्मेदारी
थाना प्रभारी अजाक के पद पर पदस्थ निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे को थाना प्रभारी सारागांव बनाया गया है। वहीं सारागांव थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी को थाना प्रभारी पामगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है।
सावन सारथी को अजाक थाना प्रभारी बनाया
पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी का तबादला करते हुए उन्हें थाना प्रभारी अजाक बनाया गया है। इसके अलावा बम्हनीडीह थाना प्रभारी के पद पर पदस्थ उप निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह को थाना जांजगीर में पदस्थ किया गया है।
तत्काल प्रभाव से लागू होगा आदेश
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग में किए गए इस फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और कानून-व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

