CG News Times

कबीरधाम में रात 11 से 3 बजे तक पुलिस की कॉम्बिंग गश्त, 6 टीमों ने संवेदनशील इलाकों में की चेकिंग

कबीरधाम। कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने और आपराधिक गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के लिए पुलिस ने मंगलवार रात सघन कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। छह पुलिस टीमों ने रात 11 बजे से सुबह 3 बजे तक शहर के अलग-अलग इलाकों, बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर गश्त की।

इस दौरान गुंडे-बदमाशों और निगरानीशुदा अपराधियों की चेकिंग के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर भी नजर रखी गई। प्रमुख मार्गों पर एमसीपी लगाकर वाहनों के दस्तावेज और चालक की जांच की गई।

छह टीमों ने अलग-अलग इलाकों में संभाला मोर्चा

पहली टीम ने देवारपारा, गंगानगर और लोहाराना क्षेत्र में गश्त की। दूसरी टीम ने आदर्श नगर, रविदास नगर और आसपास के आवासीय इलाकों में सुनसान रास्तों और संवेदनशील स्थानों की निगरानी की।

तीसरी टीम नवीन बाजार, पुराना बस स्टैंड और कंडरापारा क्षेत्र में सक्रिय रही। यहां बाजार और प्रमुख मार्गों पर देर रात की गतिविधियों की जांच करते हुए संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई।

चौथी टीम ने रेवाबंद पारा, शांति दीप कॉलोनी और पुराना मंडी परिसर में गश्त की। पांचवीं टीम राजमहल चौक, पैठूपारा, मठपारा, यूनियन चौक और सराफा मार्केट समेत शहर के भीतरी इलाकों में तैनात रही।

छठवीं टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर, मल्हापारा, पालीपारा, मिनीमाता चौक और बाईपास रोड से लगे गली-मोहल्लों में गश्त और चेकिंग की।

वारंटों की तामिली और निगरानीशुदा अपराधियों की भी जांच

अभियान के दौरान गुंडे-बदमाशों और निगरानीशुदा अपराधियों की चेकिंग की गई। पुराने और स्थायी वारंटों की तामिली के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की गई। आपराधिक गतिविधियों में पहले शामिल रहे लोगों की वर्तमान गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली गई।

देर रात अनावश्यक रूप से घूमते मिले लोगों से पूछताछ कर उन्हें समझाइश दी गई। वहीं मेडिकल स्टोर, अस्पताल या अन्य जरूरी काम से आने-जाने वाले लोगों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने संवेदनशीलता के साथ जानकारी ली और जरूरत पड़ने पर सहायता के लिए तत्परता दिखाई।

अधिकारियों के नेतृत्व में चला अभियान

 

कॉम्बिंग गश्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार के नेतृत्व में की गई। अभियान में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक प्रमिला मण्डलवी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अजाक/क्राइम प्रशांत देवांगन, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक लालजी सिन्हा, थाना प्रभारी बोड़ला निरीक्षक रूपक शर्मा और निरीक्षक बी.आर. बिसेन सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

कबीरधाम पुलिस के अनुसार, नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की रात्रिकालीन गश्त और चेकिंग आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *