कबीरधाम। गन्ने का मूल्य 425 रुपए प्रति क्विंटल होने पर कबीरधाम जिले के गन्ना उत्पादक किसानों में खुशी का माहौल है। इस फैसले के लिए किसानों और किसान संघों ने कवर्धा विधायक एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का भव्य स्वागत कर आभार जताया। किसानों ने उन्हें गन्ना भेंट किया और शक्कर की बोरियों से तौलकर अभिनंदन किया।
14 अक्टूबर को कवर्धा में जिला पंचायत कार्यालय और विधायक कार्यालय के पास किसान संघों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का स्वागत किया। किसानों ने कहा कि गन्ने का मूल्य बढ़ने से जिले के हजारों गन्ना उत्पादक परिवारों को फायदा मिलेगा। इससे खेती की बढ़ती लागत की भरपाई करने में मदद मिलेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
गन्ने की खेती को मिलेगा बढ़ावा

किसानों ने कहा कि कबीरधाम जिला गन्ना उत्पादन के प्रमुख क्षेत्रों में शामिल है। ऐसे में गन्ने का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिलेगा। साथ ही गन्ने की खेती को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों के स्नेह और स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
विजय शर्मा ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिले और खेती-किसानी से जुड़े परिवार आर्थिक रूप से सशक्त बनें, इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में किसान संघों के पदाधिकारियों और किसानों ने गन्ने का मूल्य 425 रुपए प्रति क्विंटल किए जाने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।
