बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी और मारपीट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को उसे पकड़ने के दौरान उसने भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, नंदन उसी मड़वा पहाड़ी के आसपास छिपा हुआ था, जहां 19 सितंबर की शाम दो 10वीं कक्षा के छात्र गए थे। मामले में वायरल हुए वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में लाल गमछा पहने दिखाई दे रहा युवक नंदन यादव है।
एक अन्य आरोपी का पैर टूटा
पुलिस ने हरेराम नाम के एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा है। वह भी जंगल वाले इलाके में छिपा था। पुलिस से बचकर भागने के दौरान गिरने से उसके पैर में चोट आई और पैर टूट गया। उसे भी जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस मामले में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में रामाशीष चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान के आधार पर कार्रवाई शुरू की है।
19 सितंबर की शाम हुई थी घटना
घटना 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। दोनों पीड़ित छात्र 10वीं कक्षा में पढ़ते हैं। ट्यूशन के बाद दोनों जमुई की मड़वा पहाड़ी की ओर गए थे। लौटते समय कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद छात्रा के साथ बदसलूकी और उसके दोस्त के साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में आरोपियों के एक समूह को दोनों छात्रों के साथ अभद्रता करते देखा गया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की और मामले में कार्रवाई की।
अब तक 8 आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो आरोपी 35 से 40 वर्ष की उम्र के हैं, जबकि तीन नाबालिग बताए गए हैं। इसके अलावा वीडियो वायरल करने के आरोप में तीन लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है।
ADG लॉ एंड ऑर्डर सुहिता अनुपम के मुताबिक, नंदन यादव पुलिस से बचकर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई और उसके पैर में गोली लगी।
घटना के बाद सियासी बयानबाजी भी तेज
जमुई की घटना को लेकर बिहार में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। राहुल गांधी ने घटना को लेकर राज्य सरकार से सवाल किया। तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। वहीं JDU के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने घटना को गंभीर बताते हुए 2005 से पहले के बिहार की कानून-व्यवस्था का जिक्र किया।
केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी और अभिनेता खेसारी लाल यादव ने भी घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
