CG News Times

विजय शर्मा ने सहसपुर लोहारा कॉलेज को दी 50 लाख के विकास कार्यों की सौगात: AI को अपनी ताकत बनाएं, उस पर निर्भर न रहें; युवाओं को दिए सफलता के मंत्र

कबीरधाम, 14 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने सहसपुर लोहारा स्थित शासकीय गजानंद माधव मुक्तिबोध महाविद्यालय में 30 लाख रुपए की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने 15 लाख रुपए की लागत से बाउंड्रीवॉल और 5 लाख रुपए की लागत से बालिका शौचालय निर्माण कराने की घोषणा की। कुल 50 लाख रुपए के विकास कार्यों के साथ उन्होंने युवा शक्ति संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों से चर्चा की और उन्हें मेहनत, अनुशासन तथा आधुनिक तकनीक के सही इस्तेमाल का संदेश दिया।

AI को अपनी ताकत बनाएं, उसके अधीन न हों

युवा शक्ति संवाद में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि युवा अपना लक्ष्य तय करें, अनुशासन में रहें और परिणाम की चिंता करने के बजाय मेहनत पर ध्यान दें। उन्होंने विद्यार्थियों को चैटजीपीटी, क्लॉड, परप्लेक्सिटी जैसे आधुनिक AI टूल्स और सोशल मीडिया की तकनीक समझने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि युवाओं को तकनीक का मास्टर बनना चाहिए, न कि तकनीक को अपना मास्टर बनने देना चाहिए। आधुनिक तकनीक का उपयोग करने के साथ अपना ज्ञान और कौशल बढ़ाना भी जरूरी है। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और धैर्य से ही सफलता का रास्ता बनता है।

कॉलेजों में भी मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन कोचिंग

विजय शर्मा ने बताया कि कवर्धा क्षेत्र के स्कूलों में डिजिटल बोर्ड लगाए जा रहे हैं। अब महाविद्यालयों में भी डिजिटल बोर्ड के माध्यम से पीएससी, एसएससी और यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि कॉलेज करियर बनाने का महत्वपूर्ण केंद्र है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि पहचानकर स्पष्ट लक्ष्य के साथ नियमित पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों के यूनिफॉर्म में आने और अनुशासन बनाए रखने की सराहना भी की।

विद्यार्थियों और शिक्षकों से कॉलेज को बेहतर बनाने की अपील

उप मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय को विद्यार्थियों का अपना संस्थान बताते हुए कहा कि जिस तरह लोग दीपावली पर अपने घर को सजाते-संवारते हैं, उसी तरह विद्यार्थियों और शिक्षकों को मिलकर कॉलेज को बेहतर बनाने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने प्राचार्य और प्राध्यापकों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगरपालिका कवर्धा अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष एवं साकम्बरी बोर्ड के सदस्य संतोष पटेल, लाला राम साहू, जनपद पंचायत लोहारा अध्यक्ष दुर्गा ठाकुर, नगरपालिका लोहारा अध्यक्ष सरिता मिश्रा, जिला पंचायत सभापति मनीराम साहू, नगरपालिका लोहारा उपाध्यक्ष हेमंत साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *