CG News Times

विजयदशमी पर कबीरधाम पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन, एसपी जितेंद्र कुमार यादव ने की जिले की सुख-समृद्धि की कामना

कवर्धा। विजयदशमी के अवसर पर कबीरधाम की न्यू पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और हवन संपन्न हुआ। इस दौरान एसपी ने जिलेवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और आपसी सौहार्द की कामना की।

शस्त्र पूजन के बाद हुआ हर्ष फायर

पूजा और हवन के बाद विजयदशमी की परंपरा के अनुसार हर्ष फायर किया गया। शस्त्र पूजन को शक्ति, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समाज व राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर एसपी ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और जिलेवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं।

पुलिस अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद

शस्त्र पूजन कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला, एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह, डीएसपी प्रमिला मंडावी, डीएसपी यातायात अपूर्वा क्षत्रिय, रक्षित निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह सहित जिले के विभिन्न थानों के प्रभारी और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

सभी थाना-चौकी कैंप में हुआ शस्त्र पूजन

एसपी जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में कबीरधाम जिले के सभी थाना, चौकी और कैंप में भी विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *