CG News Times

पंडरिया : पंडरिया नगर के विकास कार्यों के लिए ₹1.04 करोड़ मंजूर, सड़क-नाली समेत कई अधोसंरचना कार्य होंगे

Bhavana Bohra

पंडरिया। पंडरिया नगर के विभिन्न वार्डों में विकास और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों के लिए नगरीय प्रशासन विभाग ने 1 करोड़ 4 लाख 18 हजार रुपये की स्वीकृति दी है। विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से मिली इस राशि से सड़क, नाली, पुलिया, पेवर ब्लॉक और बाउंड्रीवॉल समेत कई जरूरी विकास कार्य कराए जाएंगे।

विधायक भावना बोहरा ने स्वीकृति मिलने पर पंडरिया के नगरवासियों को बधाई दी। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताया।

हर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार में पंडरिया नगर और पूरी विधानसभा में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि 1 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृत राशि से नगर की मूलभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। उनके मुताबिक, पिछले वर्षों में पंडरिया नगर में कई लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा किया गया है।

इनमें हरिनाला पुल, पंडरिया बाईपास, 250 सीटर नालंदा परिसर लाइब्रेरी और ऑडिटोरियम, पंडरिया नगर मुख्य मार्ग, बिसेसरा नाला से हरिनाला तक सड़क, नवीन नगर पालिका भवन, नवीन व्यवहार न्यायालय (सिविल कोर्ट) भवन, व्यावसायिक परिसर और मिनी स्टेडियम सहित चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण और विभिन्न वार्डों में सड़क निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।

सड़क, पानी और बिजली से जुड़े कामों पर भी जोर

विधायक ने कहा कि जनता से लगातार संवाद कर उनकी जरूरतों को समझना और उसी के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता देना उनकी प्राथमिकता है। पंडरिया नगर में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, न्याय व्यवस्था, नगरीय सुविधाओं और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास की गति तेज हुई है। वहीं उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में नगरीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं और अधोसंरचना के विस्तार को प्राथमिकता मिल रही है।

विधायक के अनुसार, पंडरिया विधानसभा में किसानों के लिए सिंचाई और पेयजल से जुड़ी 300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं आकार ले रही हैं। वनांचल और आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में पक्की सड़कों से आवागमन बेहतर हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि 3,500 से अधिक पीएम आवास के माध्यम से लोगों को पक्की छत मिली है, जबकि स्वच्छ पेयजल और बिजली की सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *