Kabirdham Crime News: दीपावली पर्व से पहले कबीरधाम पुलिस ने जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 6 अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर 23 आरोपियों को पकड़ा है। इनके कब्जे से 16,480 रुपये नगद और ताश की पत्तियां जब्त की गई हैं। वहीं, आबकारी एक्ट के तहत भी जिले के तीन थानों में 9 मामले दर्ज कर 9 आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलते 23 आरोपी पकड़े गए
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली कवर्धा और चौकी पोड़ी की पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ दबिश दी। इस दौरान कुल 6 अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई।
कोतवाली पुलिस ने 5 मामलों में 20 आरोपियों पर की कार्रवाई
थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने 3 और 4 नवंबर की दरम्यानी रात ग्राम भागुटोला स्कूल के पीछे, सिविल बंगला के पीछे और कैलाश सरोवर के पास दबिश दी।
भागुटोला स्कूल के पीछे: दो अलग-अलग मामलों में डिकेश्वर साहू, महेश जायसवाल, जगदेव पटेल, नरेश यादव, आलोक पाल, हरेन्द्र जायसवाल, कृष्णा धुर्वे और कामता पटेल के खिलाफ कार्रवाई की गई। दोनों मामलों में कुल 2,350 रुपये और ताश की पत्तियां जब्त की गईं।
सिविल बंगला के पीछे: विकास सिन्हा, गोपाल निर्मलकर और पुष्पतला जोशी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3,480 रुपये और ताश की पत्तियां जब्त की गईं।
कैलाश सरोवर के पास: दो अलग-अलग मामलों में हेमंत कुमार तंबोली, हर्ष पात्रे, केशव साहू, विक्र सिंह चौहान, अश्वनी सोनी, विनोद साहू, दशरथ साहू और हेमकुमार साहू के खिलाफ कार्रवाई की गई। यहां से कुल 8,900 रुपये और ताश की पत्तियां जब्त की गईं।
ग्राम बैहरसरी में 3 जुआरी पकड़े गए
चौकी पोड़ी पुलिस ने 3 नवंबर को ग्राम बैहरसरी में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते पाए जाने पर हेमकुमार वर्मा, मुखीराम वर्मा और रवि वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने इनके पास से 1,750 रुपये और ताश की पत्तियां जब्त कीं।
शराब से जुड़े मामलों में 9 आरोपियों पर कार्रवाई
जुआ-सट्टा के अलावा कबीरधाम पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत भी कार्रवाई की। थाना पिपरिया, थाना पांडातराई और थाना पंडरिया में कुल 9 प्रकरण दर्ज कर 9 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
- थाना पिपरिया: 6 मामले दर्ज किए गए। इनमें 5 मामले सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन के और 1 मामला अवैध शराब बिक्री का है।
- थाना पांडातराई: सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन के 2 मामले दर्ज किए गए।
- थाना पंडरिया: लोगों को शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में 1 प्रकरण दर्ज किया गया।

दीपावली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने पुलिस अलर्ट
कबीरधाम पुलिस के मुताबिक, दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब बिक्री, परिवहन और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन जैसी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने तथा जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने को कहा गया है।
