CG News Times

Kabirdham Diwali Safety Guidelines: दिवाली से पहले कबीरधाम पुलिस अलर्ट, पटाखा कारोबारियों को सख्त निर्देश; दुकानों में इन नियमों का पालन जरूरी

Kabirdham Diwali Safety Guidelines: दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कबीरधाम पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पटाखा व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पटाखों के सुरक्षित भंडारण और बिक्री से लेकर अग्निशमन व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन तक कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पटाखा दुकानों में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम जरूरी

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार के नेतृत्व में आयोजित बैठक में तहसीलदार, नगर पालिका परिषद, पुलिस विभाग, जिला प्रशासन और SDRF के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। शहर के पटाखा व्यापारी भी बैठक में मौजूद रहे।

बैठक में व्यापारियों को निर्देश दिए गए कि पटाखों की दुकानें केवल निर्धारित और अनुमति प्राप्त स्थानों पर ही संचालित हों। प्रत्येक दुकान में अग्निशमन यंत्र के साथ पानी और रेत से भरी बाल्टियां रखना अनिवार्य होगा।

इसके अलावा दुकानों में सुरक्षित विद्युत वायरिंग रखने, खुले तारों और अस्थायी बिजली कनेक्शन से बचने तथा ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए गए।

दुकानों के आसपास धूम्रपान और खुली आग पर रोक

पुलिस ने पटाखा दुकानों के आसपास बीड़ी, सिगरेट, माचिस और किसी भी तरह की खुली आग के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रखने को कहा है। पटाखों का भंडारण भी निर्धारित क्षमता और सुरक्षा मानकों के अनुसार करना होगा।

दुकानों के आने-जाने के रास्ते खुले रखने और आपात स्थिति में बचाव एवं राहत कार्य के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री नहीं करने और निर्धारित नियमों व समय-सीमा का पालन करने की हिदायत दी गई।

ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण पर भी विशेष फोकस

बैठक में पटाखा दुकानों के आसपास पार्किंग व्यवस्था, भीड़भाड़ वाले इलाकों में आवागमन और यातायात नियंत्रण पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि अग्निशमन वाहनों और आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता हमेशा उपलब्ध रहना चाहिए।

दीपावली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका और SDRF के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

कबीरधाम पुलिस की नागरिकों से अपील

कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से दीपावली सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि पटाखे खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं, बच्चों को अकेले आतिशबाजी न करने दें और ज्वलनशील पदार्थों के आसपास पटाखे न जलाएं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *