CG News Times

पुराने सिक्के-नोट के बदले करोड़ों दिलाने का झांसा: इंस्टाग्राम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर 1.68 लाख की ठगी, 2 आरोपी तेलंगाना से गिरफ्तार

कबीरधाम। साइबर पुलिस ने पुराने सिक्के और नोट के बदले लाखों-करोड़ों रुपए दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर ‘राज ज्ञानी’ नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को पुराने सिक्के और नोट के बदले भारी रकम मिलने का लालच दिया था।

कबीरधाम के एक व्यक्ति से आरोपियों ने सरकारी शुल्क, जीपीएस रिचार्ज, इंजन वेरिफिकेशन, कस्टम ड्यूटी, रसीद और बीमा समेत अलग-अलग बहाने बनाकर कुल 1 लाख 68 हजार 269 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद भी आरोपी उससे लगातार और रकम की मांग करते रहे।

इंस्टाग्राम रील में दिखा 5 रुपए के सिक्के का विज्ञापन

मामला अगस्त 2026 का है। प्रार्थी ने इंस्टाग्राम रील्स देखते समय एक विज्ञापन देखा था। इसमें 5 रुपए के वैष्णो देवी छाप सिक्के के बदले 85 लाख रुपए और 5 रुपए के ट्रैक्टर छाप नोट के बदले 1 करोड़ रुपए देने का दावा किया गया था।

विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को मुंबई से बताया। इसके बाद उसने पुराने सिक्के और नोट की फोटो व्हाट्सऐप पर मंगवाई। कुछ समय बाद आरोपियों ने सिक्के और नोट खरीदने के नाम पर भुगतान मिलने का झांसा देकर अलग-अलग शुल्क के नाम पर पैसे मांगना शुरू कर दिया।

पीड़ित से आधार कार्ड और फोटो भी मंगवाए गए। इसके बाद सरकारी शुल्क, जीपीएस रिचार्ज, इंजन वेरिफिकेशन, कस्टम ड्यूटी, रसीद और बीमा समेत अलग-अलग बहानों से रकम मांगी गई। आरोपियों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों, यूपीआई, क्यूआर कोड और बैंक खातों के जरिए पैसे ट्रांसफर करवाए।

प्रार्थी ने अलग-अलग किश्तों में कुल 1,68,269 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद आरोपी और रकम की मांग करते रहे। इसके बाद मामले की शिकायत साइबर पुलिस थाना कबीरधाम में की गई और अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

बैंक डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान साइबर पुलिस ने बैंकिंग डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इनसे आरोपियों के तेलंगाना में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम निजामाबाद जिले के लिए रवाना हुई।

जांच के दौरान पुलिस ने राजस्थान के भरतपुर निवासी मोहम्मद नजीम उर्फ नजीम खान और मोहम्मद रोहिल को तेलंगाना के निजामाबाद जिले के आरमूर क्षेत्र के फतेहपुर इलाके से हिरासत में लिया।

पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने ‘राज ज्ञानी’ नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर पुराने नोट और सिक्कों के बदले भारी रकम मिलने का झांसा देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि ठगी की रकम अलग-अलग क्यूआर कोड और बैंक खातों के जरिए हासिल की जाती थी।

फर्जी सिम और बैंक खातों का इस्तेमाल

पुलिस के मुताबिक, आरोपी साइबर ठगी के लिए फर्जी मोबाइल सिम और अलग-अलग फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे। आरोपियों से घटना में इस्तेमाल किए गए 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। इनमें एप्पल आईफोन, वीवो और रेडमी के मोबाइल शामिल हैं। जब्त संपत्ति की कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ दूसरे राज्यों में भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है। मामले में दोनों आरोपियों को विधिसम्मत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

इनकी रही भूमिका

आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी की कार्रवाई निरीक्षक उमाशंकर राठौर के नेतृत्व में की गई। टीम में सउनि चंद्रकांत तिवारी, प्रधान आरक्षक चुम्मन साहू, अभिनव तिवारी, आरक्षक आकाश राजपूत, मो. इरफान समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस की लोगों से अपील

साइबर पुलिस थाना कबीरधाम ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पुराने सिक्के, पुराने नोट, नौकरी, निवेश या किसी अन्य वस्तु के बदले असामान्य रूप से अधिक रकम देने वाले विज्ञापनों के झांसे में न आएं।

पुलिस ने कहा है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर सरकारी शुल्क, जीपीएस शुल्क, वेरिफिकेशन शुल्क, बीमा या किसी अन्य बहाने से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज कराएं।

पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक का बाइट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *