छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तालाब में डूबने से तीन नाबालिग सहेलियों की मौत हो गई। तीनों गुरुवार को स्कूल नहीं गई थीं और दोपहर में नहाने के लिए तालाब पहुंची थीं। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, जिसके बाद तालाब से तीनों के शव बरामद हुए।
घटना पाली थाना क्षेत्र के नुनेरा गांव की है। मृतकों की पहचान इंदु अगरिया (7), राखी (8) और साधना (8) के रूप में हुई है। तीनों कक्षा पहली में पढ़ती थीं और किसान परिवार से थीं।
देर शाम शुरू हुई बच्चियों की तलाश
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को तीनों बच्चियों के परिवार के सदस्य काम पर गए थे। इस दौरान इंदु, राखी और साधना स्कूल नहीं गईं और दोपहर में तालाब में नहाने चली गईं। शाम को परिजन जब घर लौटे तो तीनों बच्चियां वहां नहीं थीं। इसके बाद परिजन और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान एक ग्रामीण तालाब तक पहुंचा। वहां तालाब की मेड़ पर बच्चियों के चप्पल और कपड़े दिखाई दिए। इसी बीच इंदु का शव पानी में तैरता हुआ मिला। ग्रामीण ने इसकी सूचना परिजनों और अन्य लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस को भी जानकारी दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से इंदु के शव को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद तालाब में बाकी दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए।
एक बच्ची को बचाने के दौरान डूबने की आशंका
बताया जा रहा है कि जिस समय तीनों सहेलियां तालाब में नहाने गई थीं, वहां कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। आशंका है कि नहाते समय पहले एक बच्ची पानी में डूबने लगी होगी। उसे बचाने के प्रयास में दोनों अन्य बच्चियां भी पानी में उतर गई होंगी और तीनों की डूबने से मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। तालाब में एक बच्ची का शव तैरता मिला, जिसके बाद बाकी दो बच्चियों की तलाश की गई। दोनों के शव भी बरामद कर लिए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
