Korba Pond Drowning: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली क्षेत्र से दर्दनाक घटना सामने आई है। नुनेरा गांव में तालाब में डूबने से तीन नाबालिग बच्चियों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से तीनों बच्चियों के शव तालाब से बाहर निकाले गए।
स्कूल के बहाने घर से निकली थीं
मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को तीनों सहेलियां घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं। हालांकि, वे स्कूल नहीं गईं और दोपहर के समय तालाब में नहाने पहुंच गईं। नहाने के दौरान तीनों गहरे पानी में डूब गईं, जिससे उनकी मौत हो गई।
उस समय परिवार के सदस्य अपने-अपने काम पर गए हुए थे। शाम होने तक जब तीनों बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
तालाब किनारे मिले चप्पल और कपड़े
बच्चियों की तलाश करते हुए एक ग्रामीण तालाब तक पहुंचा। वहां उसे बच्चियों के चप्पल और कपड़े दिखाई दिए। इसी दौरान तालाब में एक बच्ची का शव तैरता हुआ नजर आया। यह देखते ही ग्रामीण ने तत्काल अन्य लोगों को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाशी अभियान शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद तीनों शव बरामद
पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बाकी दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने तीनों शवों को बाहर निकालने के बाद मर्ग कायम किया और पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
घटना के बाद नुनेरा गांव में मातम का माहौल है। तीन बच्चियों की एक साथ मौत की खबर से परिजनों और ग्रामीणों में शोक है।
