CG News Times

CG Weather Update: आज कई जिलों में बारिश के आसार, इन इलाकों में यलो अलर्ट

CG Weather Update

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां धीमी होने के बाद तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। राजधानी रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में करीब 1 डिग्री की बढ़ोतरी के चलते लोगों को दिनभर गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।

हालांकि, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के लोगों को राहत मिलने के संकेत दिए हैं। 19 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

19 सितंबर से तेज हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 19 सितंबर से बारिश की रफ्तार बढ़ सकती है। इस दौरान बादल गरजने और बिजली चमकने की गतिविधियों में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। अब तक मौसमी बारिश सामान्य के आसपास रही है, हालांकि इसमें करीब 5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 18 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

आज भी कई इलाकों में बारिश के आसार

शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में इसी तरह मौसम बने रहने के आसार हैं।

बिलासपुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

प्रदेश में गुरुवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

पिछले 24 घंटों के दौरान पेंड्रा रोड, सल्हेवारा और चांपा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसमी सिस्टम से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार मौजूदा मौसमी सिस्टम के प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 19 सितंबर के आसपास उत्तरी अंडमान सागर में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

इसके बाद इसके धीरे-धीरे मजबूत होकर दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ने की संभावना जताई गई है। इस सिस्टम के प्रभाव से संबंधित क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।

इन जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और उत्तर बस्तर कांकेर शामिल हैं।

इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में मौसम खराब होने के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *