CG News Times

PM Modi Birthday: पंडरिया में 21 हजार ‘आशीर्वाद का दीया’, विधायक भावना बोहरा ने किया दीप प्रज्वलन

PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के पंडरिया में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जोरा तालाब में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक भावना बोहरा, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासियों ने 21 हजार दीप प्रज्वलित किए।

आयोजकों के अनुसार, दीप प्रज्वलन के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा-संकल्प के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस दौरान उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना भी की गई। ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान प्रधानमंत्री के जन्मदिन और 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के अवसर पर देशभर में आयोजित कार्यक्रमों का हिस्सा रहा।

रक्तदान शिविर का भी हुआ आयोजन

कार्यक्रम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया में रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। इसमें लोगों ने रक्तदान कर सेवा गतिविधि में भाग लिया।

देशभर में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ में रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर और अन्य सेवा गतिविधियों को भी शामिल किया गया है।

भावना बोहरा ने सेवा और जनकल्याण को बताया प्राथमिकता

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनसेवा और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प से जुड़ा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, युवाओं के लिए अवसर और गरीब परिवारों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। उन्होंने पीएम-किसान सम्मान निधि, महिला स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ी पहलों का भी उल्लेख किया

केंद्र की योजनाओं का किया उल्लेख

भावना बोहरा ने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना, जनधन योजना और किसान सम्मान निधि जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों का प्रभाव देश के करोड़ों परिवारों तक पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि पंडरिया में जलाया गया ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल जन्मदिवस का दीप नहीं, बल्कि सेवा, विश्वास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपने क्षेत्र, समाज और राष्ट्र की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

क्षेत्रवासियों ने लिया विकसित भारत का संकल्प

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की तथा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प को दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *