कबीरधाम। पंडरिया में धारदार हथियार लहराकर लोगों को धमकाने के आरोप में पुलिस ने 27 वर्षीय युवक को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से धारदार फरसा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी हेमंत कुमार धावलकर पंडरिया नगर क्षेत्र में हथियार लेकर घूम रहा था। वह Instagram पर Reel बनाकर पंडरिया आने वाले लोगों को जान से मारने की धमकी भी दे रहा था।
सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी अजय सिन्हा ने तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कराई। पुलिस टीम ने उसे कुकदूर रोड स्थित शराब भट्ठी के पास फरसा लहराते और लोगों को धमकाते हुए पकड़ा।
पुलिस ने मौके की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग ई-साक्ष्य मोबाइल एप के जरिए सुरक्षित की। हथियार के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई लाइसेंस पेश नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से धारदार फरसा जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट और धारा 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी अजय सिन्हा के नेतृत्व में की गई। प्रशिक्षु उप निरीक्षक झुमेश्वर प्रसाद साहू और पुलिस टीम की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका रही।
