कबीरधाम। जिले में नकली नोट तैयार कर उन्हें असली मुद्रा के रूप में चलाने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने एक और कार्रवाई की है। चौकी पोड़ी पुलिस और साइबर टीम ने मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी दीपक सतनामी उर्फ दीपक घोसले (46) को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नकली नोटों की कटिंग कर उन्हें अलग-अलग बंडलों में रखने का काम करता था। मामले में अब तक 12.50 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए जा चुके हैं।
उधारी की रकम लौटाने पर सामने आया मामला
मामला ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव की शिकायत के बाद सामने आया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3.75 लाख रुपए उधार दिए थे। रकम वापस मांगने पर 9 अगस्त को उसे ग्राम पोड़ी स्थित शराब भट्ठी के पास बुलाया गया।
वहां सतीश कुमार और उसके साथी ने काले रंग के बैग में रकम दी। नोटों की जांच करने पर वे संदिग्ध लगे। जांच में 500-500 रुपए के कुल 4.50 लाख रुपए के नकली नोट मिले।
शिकायत के आधार पर चौकी पोड़ी में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
किराये के मकान में तैयार होते थे नकली नोट
जांच और पूछताछ में पुलिस को पता चला कि जुलाई 2026 से नया बस स्टैंड के पास किराये के मकान में कलर प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार किए जा रहे थे। इसके बाद इन नोटों को अलग-अलग जगहों पर असली रकम के तौर पर चलाने की योजना थी।
पुलिस ने पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकली नोट, प्रिंटर, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद किया था।
नकली नोटों की कटिंग करता था दीपक
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दीपक सतनामी उर्फ दीपक घोसले, निवासी जेवड़न खुर्द, को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, दीपक नकली नोट तैयार करने वाले अन्य आरोपियों के साथ किराये के मकान में रहता था। तैयार किए गए नकली नोटों की कटिंग करने और उन्हें अलग-अलग बंडलों में रखने की जिम्मेदारी उसके पास थी।
मामले में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां-कहां खपाए गए और गिरोह में इसके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
प्रकरण में पुलिस ने अब तक 12.50 लाख रुपए के नकली नोट, कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल ईवी कार बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
कबीरधाम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोई भी संदिग्ध नोट मिलने पर उसे अच्छी तरह जांचें और नकली नोट या संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
