District Excise Officer Suspended: छत्तीसगढ़ में शराब की बिक्री को लेकर आबकारी विभाग ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। शराब को निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर बेचे जाने के मामले में कांकेर के जिला सहायक आबकारी अधिकारी मधुकर श्याम हरित को निलंबित कर दिया गया है।
मामले में कार्रवाई का दायरा सिर्फ एक अधिकारी तक सीमित नहीं रहा। आबकारी विभाग की ओर से दो आबकारी उप निरीक्षकों के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।
तीन अधिकारियों पर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, रानू मरकाम और नितेश सिंह बैंस को भी निलंबित किया गया है। रानू मरकाम की पदस्थापना भानुप्रतापपुर में, जबकि नितेश सिंह बैंस की पदस्थापना महासमुंद में थी।
शराब की निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री के मामले में इन अधिकारियों की भूमिका को लेकर विभाग ने कार्रवाई की है।
दो अधिकारियों को 7 दिन का अल्टीमेटम
वहीं, इस मामले में अजय कुमार पांडे और दीपक ठाकुर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। दोनों अधिकारियों से सात दिनों के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब विभाग की नजर इन दोनों अधिकारियों के जवाब पर है। जवाब मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय हो सकती है।
पहले भी सामने आते रहे हैं ओवररेटिंग के मामले
शराब की कीमतों में गड़बड़ी और ओवररेट बिक्री को लेकर पिछले कुछ समय से आबकारी विभाग पर सवाल उठते रहे हैं। निर्धारित कीमत से अधिक वसूली की शिकायतों और सामने आए मामलों के बाद विभाग पहले भी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुका है।
कांकेर की ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर शराब बिक्री की निगरानी और अधिकारियों की जिम्मेदारी को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
