कवर्धा। जिले के पिपरिया नगर पंचायत क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने गुरुवार को 2 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भवन का भूमिपूजन किया।
इस दौरान उन्होंने पिपरिया नगर पंचायत क्षेत्र में करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भी भूमिपूजन और लोकार्पण किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनने से पिपरिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का जिक्र करते हुए बताया कि जिला चिकित्सालय कवर्धा में करीब 4 करोड़ रुपए की लागत से सिटी स्कैन मशीन स्थापित की गई है। इसके माध्यम से हर महीने करीब एक हजार लोगों का सिटी स्कैन किया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज को लेकर भी दी जानकारी

विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना जिले और पूरे क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण है। मेडिकल कॉलेज में MBBS का पहला बैच शुरू हो चुका है और वर्तमान में 42 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद जिले के लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।
पिपरिया में कई विकास कार्यों का भूमिपूजन

नगर पंचायत क्षेत्र में करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। इनमें वार्ड क्रमांक 15 में चौक सौंदर्यीकरण, पैठू तालाब के पास गौरैया चौक, वार्ड क्रमांक 14 में घड़ी चौक, वार्ड क्रमांक 2 में सामुदायिक भवन और इंटरलॉकिंग कार्य सहित वाचनालय भवन और पुस्तकों की खरीदी से जुड़े कार्य शामिल हैं।
12 सितंबर को तरेगांव जंगल में CHC का भूमिपूजन
विजय शर्मा ने बताया कि 12 सितंबर को तरेगांव जंगल में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का भूमिपूजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने ग्राम खाम्ही के दिव्यांग विद्यार्थी शुभम यादव को स्कूटी देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान

उप मुख्यमंत्री ने 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की जानकारी भी दी। उन्होंने नागरिकों से 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना के लिए घरों और संस्थानों में दीया जलाने की अपील की।
