CG News Times

कवर्धा की बड़ी खबर: 171 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, विजय शर्मा ने दी प्रोत्साहन राशि

Kawardha Mahakal Palki Yatra

कवर्धा, 25 अगस्त 2026। कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के 171 मेधावी विद्यार्थियों के लिए मंगलवार का दिन खास रहा। पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि के चेक, प्रतीक चिन्ह और प्रेरक पुस्तकें भेंट कीं।

कवर्धा में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित इस समारोह में वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। आयोजन के जरिए ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचान और प्रोत्साहन देने का संदेश दिया गया।

10वीं के विद्यार्थियों को 5 हजार, 12वीं वालों को 10 हजार रुपये

समारोह में कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये और कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक दिया गया। सभी चयनित विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह भी भेंट किए गए।

इस दौरान विद्यार्थियों को प्रेरक पुस्तकें भी दी गईं, ताकि उनमें पढ़ने और सीखने की आदत को बढ़ावा मिले।

बच्चों के बीच बैठकर विधायक ने किया संवाद

विधायक विजय शर्मा ने विद्यार्थियों के साथ आत्मीयता से संवाद किया और उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के सवालों के जवाब भी दिए और उन्हें लक्ष्य के प्रति पूरी मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ सेल्फी भी ली।

विधायक ने कहा, “कवर्धा की धरती प्रतिभाओं से भरी हुई है। आज सम्मानित हो रहे ये विद्यार्थी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर आने वाले समय में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे। कवर्धा की यह प्रतिभा एक दिन देश का गौरव बनेगी।”

बोले- जो करना है, पूरे मन से कर डालो

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि जीवन में जो करना है, उसे पूरे मन से करने का प्रयास करना चाहिए। अपने लक्ष्य और जुनून के लिए पूरी ऊर्जा लगानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि संसाधनों की कमी को कभी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बनने देना चाहिए।

उन्होंने युवाओं को गुस्सा भड़काने वाली ताकतों से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में होना चाहिए।

विद्यार्थियों के सवालों का दिया जवाब

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विधायक से विद्यार्थी जीवन और पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछे। कक्षा 12वीं के छात्र राकेश जांगड़े ने परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन को लेकर सवाल किया। इस पर विजय शर्मा ने कहा कि पढ़ाई के दौरान शिक्षक की बातों पर पूरा ध्यान देना चाहिए। केवल रटने के बजाय विषय को समझना जरूरी है।

कक्षा 10वीं की छात्रा मृदुला श्रीवास्तव ने संसाधनों की कमी के बावजूद पढ़ाई में आगे बढ़ने को लेकर सवाल किया। विधायक ने कहा कि समय और संसाधनों की कमी को प्रगति में बाधा नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षकों का सम्मान करने और कक्षा में पढ़ाए जा रहे विषय पर पूरा ध्यान देने की सलाह दी।

स्कूल प्राचार्य और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भी सम्मानित

इस समारोह में मेधावी विद्यार्थियों के साथ उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्कूलों के प्राचार्य और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्षों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट, रामकिंकर वर्मा, निर्मल द्विवेदी, हरीश लुनिया, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, डीएफओ निखिल अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, पालक, शिक्षक और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *