Kabirdham News: कबीरधाम पुलिस ने जुआ और आबकारी मामलों में कार्रवाई करते हुए कई लोगों पर शिकंजा कसा है। घोठिया में जुआ खेलते चार आरोपी पकड़े गए, जबकि पिपरिया और दशरंगपुर में शराब से जुड़े चार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई। जानिए पुलिस ने कहां-कहां की कार्रवाई और क्या-क्या जब्त किया।
घोठिया में जुआ खेलते चार आरोपी गिरफ्तार
कवर्धा। कबीरधाम जिले में जुआ और शराब से जुड़े मामलों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कवर्धा पुलिस ने ग्राम घोठिया में जुआ खेलते चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, थाना पिपरिया और पुलिस चौकी दशरंगपुर ने आबकारी एक्ट के तहत चार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम घोठिया के तालाब पार में सार्वजनिक स्थान पर चार लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों में अन्ना भट्ट और वाल्मिकी डहरिया, दोनों निवासी घोठिया, जबकि जगेशर पटेल और रंजीत बंजारे, दोनों निवासी छिरहा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8,900 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की है। मामले में अपराध क्रमांक 490/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

पिपरिया में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने पर कार्रवाई
थाना पिपरिया पुलिस ने बड़े बाजार के पास सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पाए जाने पर साहेबदास बंजारे (65 वर्ष), निवासी भीमपुरी, थाना कवर्धा के खिलाफ कार्रवाई की।
इस मामले में अपराध क्रमांक 338/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 36(च), 1 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया।
दशरंगपुर में भी आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस चौकी दशरंगपुर ने ग्राम दशरंगपुर में आबकारी एक्ट के तहत तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की।
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पाए जाने पर मिलन निषाद (26 वर्ष), निवासी दशरंगपुर के खिलाफ अपराध क्रमांक 339/2026 के तहत धारा 36(सी) में कार्रवाई की गई।
वहीं, अपनी दुकानों पर लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने के आरोप में ओमप्रकाश निषाद (26 वर्ष) और अहमद खान (44 वर्ष), दोनों निवासी दशरंगपुर, के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। इनके मामले क्रमशः अपराध क्रमांक 340/2026 और 341/2026 हैं।
जुआ और शराब से जुड़े मामलों पर पुलिस की नजर
कबीरधाम पुलिस के अनुसार, जिले में जुआ-सट्टा और आबकारी संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस ने ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
