कवर्धा। कवर्धा में निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और ईवीएम की सुरक्षा को लेकर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती तुलिका प्रजापति ने गुरुवार को स्ट्रांग रूम का आंतरिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम का ताला खोला गया। इसके बाद अंदर सुरक्षित रखी बैलेट यूनिट (BU), कंट्रोल यूनिट (CU) और VVPAT मशीनों का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने निर्वाचन सामग्री और ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।
सुरक्षा व्यवस्था की ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने संबंधित अधिकारियों से स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था और वहां की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्वाचन सामग्री और ईवीएम की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण पूरा होने के बाद निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया के तहत स्ट्रांग रूम को दोबारा सील किया गया।
निर्वाचन प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। ईवीएम और निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं लगातार सुनिश्चित की जाएं।
इस दौरान संयुक्त कलेक्टर श्री सागर सिंह राज, पर्यवेक्षक श्री चंद्राकर, भारतीय जनता पार्टी से श्री विक्की अग्रवाल तथा बहुजन समाज पार्टी से श्री रामप्रसाद मिरी उपस्थित रहे।
