Raipur Three Sisters Death: खाना खाने के बाद बिगड़ी थी तीनों बच्चियों की तबीयत, दो ने इंदौर में तो तीसरी ने इटारसी में तोड़ा दम
Raipur Three Sisters Death: छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी एक परिवार पर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब उनकी तीन सगी बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार फिलहाल इंदौर के बेटमा इलाके में रह रहा था। बताया जा रहा है कि खाना खाने के बाद तीनों बच्चियों की तबीयत बिगड़ी थी। इलाज के दौरान दो बच्चियों ने इंदौर में दम तोड़ दिया, जबकि तीसरी बेटी की मौत शवों को रायपुर ले जाते समय इटारसी के अस्पताल में हो गई।
Raipur Three Sisters Death: खाना खाने के बाद बिगड़ी थी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, बेटमा में परिवार के खाना खाने के बाद 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि की तबीयत अचानक खराब हो गई। दोनों को इलाज के लिए इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
दो बेटियों की मौत से परिवार पहले ही सदमे में था। परिजन दोनों के शवों को एंबुलेंस से उनके गृहग्राम रायपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तीसरी बेटी 10 वर्षीय आशी की तबीयत भी अचानक बिगड़ गई।
Raipur Three Sisters Death: इटारसी अस्पताल में तीसरी बच्ची ने भी दम तोड़ा
आशी की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने करीब एक घंटे तक उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आशी ने भी दम तोड़ दिया।
एक ही परिवार की तीन मासूम बेटियों की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

फूड पॉइजनिंग की आशंका, जांच जारी
शुरुआती जानकारी में बच्चियों की मौत के पीछे उल्टी-दस्त और फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी मौत की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इटारसी थाना प्रभारी सौरभ पांडे के अनुसार, घटना की शुरुआत इंदौर के बेटमा थाना क्षेत्र से हुई है। इसलिए इटारसी पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर प्राथमिक जांच शुरू की है।
पुलिस ने तीनों मृत बच्चियों, आशी, विशुका और विधि—के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा जांच के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Raipur Three Sisters Death: आखिर तीनों बच्चियों की मौत कैसे हुई?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि खाना खाने के बाद एक ही परिवार की तीन बच्चियों की तबीयत आखिर इतनी तेजी से क्यों बिगड़ी? क्या यह फूड पॉइजनिंग का मामला है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल इन सवालों के जवाब जांच और रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मिल पाएंगे।
