CG News Times

Vijay Sharma Rakhi Celebration 2026 : गुजरात से लौटीं ‘बिहान’ की दीदियां उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को बांधी राखी

रायपुर। कबीरधाम जिले के बिहान स्व-सहायता समूहों से जुड़ी दीदियों और पशुपालकों का गुजरात के बनासकाठा स्थित डेयरी कोऑपरेटिव और अमूल डेयरी कोऑपरेटिव का शैक्षणिक भ्रमण पूरा हुआ। भ्रमण से लौटने के बाद दीदियों ने कवर्धा निवास पहुंचकर उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रक्षाबंधन की बधाई देते हुए उपमुख्यमंत्री को राखी बांधी और गुजरात में मिले अनुभव साझा किए।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दीदियों और पशुपालकों से बातचीत कर उनके भ्रमण के अनुभव जाने। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब वहां से मिली सीख को अपने गांव और जिले में अपनाकर आजीविका के नए अवसर तैयार किए जाएं। उन्होंने बनासकाठा में देखी गई डेयरी व्यवस्था, पशुपालन तकनीक, चारा प्रबंधन, दुग्ध संकलन, गुणवत्ता नियंत्रण और सहकारी मॉडल को स्थानीय स्तर पर लागू करने की दिशा में काम करने का आह्वान किया।

17 बिहान समूहों की दीदियों और 17 पशुपालकों ने किया भ्रमण

उपमुख्यमंत्री के विशेष प्रयासों से कबीरधाम जिले के 17 बिहान समूहों की दीदियों और 17 पशुपालकों को गुजरात के बनासकाठा के शैक्षणिक भ्रमण पर भेजा गया था। इस दौरान दल ने डेयरी कोऑपरेटिव और अमूल डेयरी कोऑपरेटिव की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।

प्रतिभागियों ने उन्नत पशुपालन तकनीक, संतुलित आहार और चारा विकास, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपाय, दूध के संकलन एवं प्रसंस्करण की आधुनिक व्यवस्था, गुणवत्ता जांच, डेयरी उत्पादों के निर्माण और उनके विपणन की प्रक्रिया की जानकारी ली। इसके अलावा छोटे पशुपालकों को सहकारी मॉडल से जोड़कर उनकी आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की व्यवस्था को भी समझा।

गांवों में नई तकनीक अपनाने का संकल्प

गुजरात से लौटीं बिहान समूह की दीदियों ने बताया कि वहां पशुपालन और डेयरी गतिविधियों को व्यक्तिगत आय के साथ सामूहिक आर्थिक विकास से भी जोड़ा गया है। दूध उत्पादकों को बाजार से जोड़ने, गुणवत्ता बनाए रखने और बेहतर मूल्य दिलाने की व्यवस्थाओं ने उन्हें प्रभावित किया।

दीदियों ने कहा कि बनासकाठा से मिली सीख से उन्हें अपने गांवों में पशुपालन और डेयरी गतिविधियों को बेहतर तरीके से संचालित करने की प्रेरणा मिली है। वे वहां सीखी गई तकनीकों और प्रबंधन पद्धतियों को अन्य ग्रामीण महिलाओं और पशुपालकों के साथ साझा कर आजीविका के नए अवसर विकसित करने का प्रयास करेंगी।

ग्रामीण महिलाओं और पशुपालकों की आय बढ़ाने पर जोर

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं और पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। बिहान स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। वहीं पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में उत्पादन, बेहतर प्रबंधन और बाजार से जुड़ाव के जरिए पशुपालकों की आय बढ़ाने की दिशा में भी पहल की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कबीरधाम की दीदियों और पशुपालकों का बनासकाठा भ्रमण केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि वहां से मिली सीख को स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसरों में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। गुजरात के डेयरी मॉडल से प्राप्त अनुभव कबीरधाम में दुग्ध उत्पादन, महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में उपयोगी साबित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *