CG News Times

पटवारी पर हुआ जानलेवा हमला, कुछ ही सेकंड में बदल गया माहौल… वीडियो वायरल

मरवाही। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही क्षेत्र में पटवारी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। दानीकुंडी हल्का क्रमांक 26 के पटवारी शुद्धु राम कोल पर कार्यालय में घुसकर लोहे की पाइप से हमला किया गया। हमले में पटवारी के सिर पर गंभीर चोट आई है

जानकारी के अनुसार, पटवारी शुद्धु राम कोल अपने कार्यालय में बैठे हुए थे। इसी दौरान संचरा टोला निवासी प्रकाश सिंह गोंड वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने किसी बात को लेकर विवाद के बाद पटवारी पर लोहे की पाइप से हमला कर दिया। आरोपी ने पटवारी के सिर पर कई वार किए।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति पटवारी के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है।

पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद की चर्चा

प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे पैसों के लेन-देन से जुड़ा विवाद होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि राजस्व संबंधी किसी काम को लेकर पटवारी और हमलावर के बीच विवाद था। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

हमले में घायल पटवारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी के मौके से फरार होने की जानकारी है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *