कबीरधाम। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में 6 करोड़ 54 लाख 48 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। विधायक भावना बोहरा ने पांडातराई मंडल के अंतर्गत विभिन्न गांवों में सड़क, आंगनबाड़ी भवन, डिजिटल सेवा केंद्र और चेकडैम से जुड़े कार्यों की शुरुआत की। इनमें भगतपुर से घोघरा तक 3.50 किलोमीटर सड़क निर्माण का भूमिपूजन प्रमुख है। इस सड़क के बनने से वनांचल क्षेत्र के गांवों के किसानों और व्यापारियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
6.12 करोड़ रुपए से बनेगी भगतपुर-घोघरा सड़क
विधायक भावना बोहरा ने 6 करोड़ 12 लाख 10 हजार रुपए की लागत से भगतपुर से घोघरा तक 3.50 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। यह सड़क भगतपुर, घोघरा, मिन्झौरी, खैरझिटी और वनांचल क्षेत्र कुई-कुकदुर सहित आसपास के गांवों को जोड़ने में मदद करेगी।
सड़क बनने से सब्जी उत्पादन करने वाले किसानों और व्यापारियों को पांडातराई तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही जिला मुख्यालय आने-जाने में लंबी दूरी तय करने की परेशानी भी कम होगी।
आंगनबाड़ी भवन, डिजिटल सेवा केंद्र और चेकडैम का लोकार्पण
विधायक ने ग्राम पाढ़ी में 11 लाख 69 हजार रुपए की लागत से बने आंगनबाड़ी भवन और 5 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र का लोकार्पण किया। वहीं, ग्राम खैरझिटी पुराना में 11 लाख 69 हजार रुपए की लागत से बने आंगनबाड़ी भवन और 14 लाख रुपए की लागत से निर्मित चेकडैम का लोकार्पण किया।
इन कार्यों से बच्चों और महिलाओं को आंगनबाड़ी सेवाओं का लाभ मिलेगा। डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जबकि चेकडैम से जल संरक्षण में मदद मिलने की उम्मीद है।
हर गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने पर जोर
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के गांवों और वनांचल क्षेत्रों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भगतपुर-घोघरा सड़क से ग्रामीणों, किसानों और व्यापारियों को लाभ मिलेगा। वहीं, आंगनबाड़ी भवन बच्चों और महिलाओं के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक होंगे।
विधायक ने बताया कि क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया, नाली, बिजली, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और सिंचाई से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा में जनसुविधाओं के विस्तार के लिए आगे भी कार्य जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
