कवर्धा। रक्षाबंधन पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों की संख्या को देखते हुए कबीरधाम यातायात पुलिस ने शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। लोगों की सुविधा के लिए तीन स्थानों को निर्धारित पार्किंग स्थल बनाया गया है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल इन्हीं स्थानों पर पार्क करें।
इन जगहों पर होगी पार्किंग
रक्षाबंधन के दौरान वाहन पार्किंग के लिए पुराना बस स्टैंड, गांधी मैदान और पुराना मंडी परिसर को निर्धारित किया गया है। पुलिस ने लोगों से मुख्य बाजार और सड़क किनारे वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है।
ऋषभदेव चौक से गुरु नानक गेट तक नो-एंट्री
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ऋषभदेव चौक से मेन मार्केट स्थित गुरु नानक गेट तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी, ताकि बाजार में पैदल आने-जाने वाले लोगों को परेशानी न हो।
यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक महेश्वर सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि रक्षाबंधन के दौरान बाजार में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन ले जाने और सड़क किनारे पार्किंग करने से बचें।
यातायात पुलिस ने कहा कि लोगों के सहयोग से बाजार क्षेत्र में अनावश्यक जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन मिल सकेगा। पुलिस ने रक्षाबंधन पर्व के दौरान यातायात नियमों का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
