कबीरधाम। राष्ट्रीय एकता दिवस और सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर पंडरिया में ‘रन फॉर यूनिटी’ मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। विधायक भावना बोहरा ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इसमें पंडरिया विधानसभा के अलग-अलग कॉलेजों के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और एकता व राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
पंडरिया कॉलेज से आत्मानंद स्कूल तक दौड़

मिनी मैराथन पंडरिया महाविद्यालय से शुरू होकर पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान तक आयोजित की गई। इसमें युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना था।
विजेताओं को किया सम्मानित
दौड़ के महिला और पुरुष वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को विधायक भावना बोहरा ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
सरदार पटेल के योगदान को किया याद

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने आजादी के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत किया। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, दृढ़ इच्छाशक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ सिर्फ दौड़ नहीं, बल्कि देश के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और एकजुटता का प्रतीक है।
युवाओं से राष्ट्र निर्माण में भागीदारी की अपील

भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के जरिए सरदार पटेल के योगदान को सम्मान दिया गया है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच रखने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में नगर पालिका पंडरिया अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे, नगर पंचायत पांडातराई अध्यक्ष सरिता सोनी, मंडल अध्यक्ष रविश ठाकुर, चंद्रकुमार सोनी, हरीश जैन, अंजू शर्मा, पार्षद, एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
