कबीरधाम। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कबीरधाम पुलिस ने शहर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया। इसमें पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ स्वामी विवेकानंद एकेडमी के प्रशिक्षणार्थियों और शहर के युवक-युवतियों ने भी हिस्सा लिया। सभी ने दौड़ लगाकर एकता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शुरू हुई दौड़

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में आयोजित यह दौड़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शुरू हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। दौड़ शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों से होते हुए वापस पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
एएसपी ने बताया एकता का महत्व

कार्यक्रम के दौरान एएसपी हेमसागर सिदार ने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से आपसी भाईचारा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाषा, वेशभूषा और संस्कृति अलग होने के बावजूद सभी एक राष्ट्र और एक संविधान से जुड़े हैं।
पुलिसकर्मियों के साथ युवाओं ने भी लिया हिस्सा

दौड़ में डीएसपी मुख्यालय आशीष शुक्ला, एसडीओपी प्रशांत देवांगन, डीएसपी प्रमिला मंडावी, डीएसपी अंजू कुमारी और रक्षित निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। स्वामी विवेकानंद एकेडमी के प्रशिक्षणार्थियों, युवक-युवतियों और शहर के नागरिकों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया।
शहीदों को किया याद
यह आयोजन पुलिस स्मृति दिवस से राष्ट्रीय एकता दिवस तक आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा था। दौड़ के जरिए देश के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को याद किया गया और नागरिकों को एकजुटता, अनुशासन व राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।
